प्रतापगढ़। थाना बाघराय पुलिस ने मोबाइल टावर से बैटरी और पावर केबल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई दो एक्साइड कंपनी की बैटरियां, दो पावर केबल और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र अंतर्गत गलगली मोड़ पुलिया के पास की गई।


घटना के संबंध में वादी, निवासी ग्राम कोरही थाना बाघराय ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम भिटारा स्थित मोबाइल टावर की देखरेख के लिए नियुक्त हैं। दिनांक 4 जनवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा टावर के गेट और ताले तोड़कर पावर केबल तथा दो 600 एएच एक्साइड बैटरियां चोरी कर ली गईं। सुबह जांच के दौरान तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से घूमते हुए देखे गए थे। वादी की तहरीर के आधार पर थाना बाघराय में मुकदमा संख्या 005/2026 अंतर्गत धारा 331(4)/305(e) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।


पुलिस द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अभय पटेल उर्फ वीर निवासी कानूपुर थाना जेठवारा, धीरज कुमार पटेल निवासी कानूपुर थाना जेठवारा तथा विजय कुमार मौर्य निवासी नेवाड़ी थाना जेठवारा के रूप में हुई है।


पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने भिटारा मोबाइल टावर और बदली का पुरवा मोबाइल टावर से ताले तोड़कर पावर केबल काटकर चोरी की थी। अभियुक्तों ने बताया कि बदली का पुरवा टावर से चोरी की गई दो बैटरियों को साधन के अभाव और पकड़े जाने के डर से रात में पुलिया के नीचे छिपा दिया गया था। अभियुक्तों की निशानदेही पर दोनों बैटरियां बरामद कर ली गईं।


बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है, जबकि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Facebook Comments