प्रतापगढ़। थाना दिलीपपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस मामले में दो अन्य आरोपी पहले ही पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हो चुके हैं।


पुलिस के अनुसार 3 जनवरी 2026 को थाना दिलीपपुर क्षेत्र के ग्राम रामपुर आधारगंज में अज्ञात बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक को सुनसान स्थान पर रोक लिया। तमंचा और चाकू दिखाकर आरोपियों ने ई-रिक्शा की बैटरी, चालक का मोबाइल फोन और जेब में रखे 700 रुपये लूट लिए और फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना दिलीपपुर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।


मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मिसिद्धीपुर मोड़ के पास से चार अभियुक्तों सुमित सरोज, सूरज उर्फ करन गिरी, रवि कुमार और रवि दुबे उर्फ देव दुबे को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान लूट का एक मोबाइल फोन, 170 रुपये नकद और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि इसी मोटरसाइकिल का उपयोग लूट की घटना में किया गया था और बैटरी को उसी पर लादकर ले जाया गया था।


पुलिस ने बताया कि इस लूट कांड में शामिल दो अन्य आरोपी लवकुश ओझा और चांद को एक दिन पूर्व पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था, जिनके कब्जे से ई-रिक्शा की बैटरी और अवैध हथियार भी बरामद हुए थे। पूछताछ में चारों अभियुक्तों ने यह भी कबूल किया कि लूट की रकम आपस में बांटी गई थी और प्रत्येक के हिस्से में 100-100 रुपये आए थे, जिनमें से कुछ खर्च हो चुके थे।


पुलिस का कहना है कि सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा गया है। इस कार्रवाई को थाना दिलीपपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय लूट गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Facebook Comments