दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के बीच बेकाबू ब्रेजा कार घुसी, एक दर्जन लोग घायल▪️दो की हालत नाज़ुक, मौके पर पहुंची पुलिस ने कब्ज़े में ली कार

मऊआइमा(प्रयागराज)। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के बीच गुरुवार शाम एक तेज़ रफ्तार कार घुस आई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हादसा मऊआइमा क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर खास में फोरलेन पर ब्लॉक तिराहे के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीण डीजे की धुन पर नाचते-गाते प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही बेकाबू ब्रेजा कार ने सबसे पहले साइकिल सवार रामलौटन (60) निवासी लोकापुर और संतलाल (60) निवासी सुजनीपुर को रौंद दिया। इसके बाद कार सीधे जुलूस में घुस गई।हादसे में ललिता देवी (17) पुत्री रामप्रसाद और संजना देवी (22) पुत्री सम्पत्ति राम, दोनों निवासी सुल्तानपुर खास, गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। वहीं, पूजा (14) पुत्री रामपूजन, राधा (14) पुत्री कमल, नैन्सी पटेल (12) पुत्री फूलचंद्र, शिखा पटेल (14) पुत्री रामगनेश, राधिका (16) पुत्री सुरेंद्र प्रताप और रूपा (18) पुत्री रायचरण पटेल समेत कई ग्रामीण घायल हुए, जिनका इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। इसी बीच, सुल्तानपुर खास के लाल मोहम्मद उर्फ मुन्ने (55) बाइक से गुजर रहे थे, जिन्हें कार ने बुरी तरह टक्कर मार दी। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की शिकार ब्रेजा कार को कब्जे में लेकर लिखापढ़ी शुरू कर दी।

रूबरू इंडिया न्यूज़ डेस्क
रूबरू इंडिया न्यूज़ डेस्क
Articles: 393

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *