रायपुर. छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग छापे को लेकर प्रदेश में राजनीति तेज हो गई है। छापे को बदले की कार्रवाई बताते हुए कांग्रेस ने आयकर विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ता घेराव के लिए गांधी मैदान से रैली निकालकर आयकर विभाग के कार्यालय पहुंचें।
इस बीच पुलिस ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को आयकर भवन से पहले ही बैरीकेट्स लगाकर बीच में रोकने की कोशिश की। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की 2 बैरीकेट्स तोड़कर आयकर भवन के सामने पहुंच गए। इस बीच कांग्रेसियों और पुलिस के बीच जमकर झड़प भी हुई।

इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आयकर भवन के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बल प्रयोग कर कार्यकर्ता को आयकर भवन के सामने से हटाया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता आयकर भवन के सामने बीच सड़क पर बैठ गए और धरना दे रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, जिस प्रकार से आयकर विभाग राज्य सरकार को बिना बताए प्रदेश में 2 दिन से छापे की कार्रवाई कर रही है, उसके विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। मरकाम ने कहा, आयकर विभाग क्यों नहीं पूर्व मुख्य्मंत्री रमन सिंह और पूर्व मंत्री के यहां कार्रवाई करती। रमन सिंह के पुत्र के यहां भी कार्रवाई होनी चाहिए। अगर ये कार्रवाई बंद नहीं हुई तो हम दिल्ली जाएंगे।
इससे पहले गांधी मैदान में कांग्रेस की सभा हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, प्रदेश में विधानसभा चुनाव, निगम चुनाव के बाद ग्राम पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत से पीएम मोदी डर गए हैं। इसलिए छापामार कार्रवाई कर रही है।

रायपुर से इस्तेखार अहमद की रिपोर्ट

Facebook Comments