हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सलमान को मृत घोषित कर दिया


प्रतापगढ़ (बाघराय)। रानीगंज थाना क्षेत्र के भीठलपुर गांव निवासी एक युवक की रिश्तेदारी में ताजिया देखने के दौरान हुए सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सलमान पुत्र रऊफ के रूप में हुई है। दुर्घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलमान अपने मित्र महफूज (25 वर्ष) पुत्र फूग्गे, निवासी भीठलपुर, के साथ शनिवार को मोटरसाइकिल से बाघराय थाना क्षेत्र के अवतारपुर गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां गया था। रविवार दोपहर दोनों ताजिया देखने के लिए निकले थे, लेकिन अवतारपुर पहुंचने से पहले ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सलमान को मृत घोषित कर दिया। वहीं महफूज की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।


Facebook Comments