प्रतापगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बुधवार को अपनी ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा लेकर प्रतापगढ़ पहुंचे। इस दौरान शहर में जोरदार उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सुल्तानपुर से शुरू हुई यह पदयात्रा प्रतापगढ़ शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई सदर बाजार स्थित ‘आप’ कार्यालय पहुंची, जहां संजय सिंह ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया।

सभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी आज उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे देश का सबसे बड़ा संकट बन चुकी है। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार समाधान करने के बजाय आंकड़ों का खेल खेल रही है। उन्होंने कहा, “सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि वह युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए। जब नौकरी और अवसर नहीं होंगे तो सामाजिक न्याय और समानता का सपना भी अधूरा रह जाएगा।”
संजय सिंह ने अपनी पदयात्रा को अयोध्या से शुरू करने के पीछे का कारण भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम का आदर्श था कि हर व्यक्ति को समान दृष्टि से न्याय मिले। यही रामराज्य की परिकल्पना है, लेकिन मौजूदा हालात इसके विपरीत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज समाज में नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है, खासकर मुस्लिम और दलित समुदायों के खिलाफ। उन्होंने कहा कि यह नीति अंग्रेजों की “बांटो और राज करो” जैसी है, जिससे न प्रदेश आगे बढ़ेगा और न देश।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने ‘एसआईआर’ (सिर) के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। अपने पुराने बयान को दोहराते हुए संजय सिंह ने कहा कि यदि ‘एसआईआर’ हुआ तो जीत का प्रमाण पत्र भाजपा को पहले ही सौंप दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में दो करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जाने की तैयारी है, जिसमें यादव और मुस्लिम परिवारों को विशेष रूप से टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में इन समुदायों की संख्या के मुकाबले बहुत कम ‘एसआईआर’ फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं, जो चुनावी प्रक्रिया में असमानता का प्रमाण है।
संजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा अधिकार वोट का अधिकार है। यदि किसी समुदाय को संगठित रूप से इस अधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। उन्होंने जनता से अपील की कि वह ऐसी नीतियों का विरोध करें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।
पदयात्रा के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों को उठाया। सभा में आए युवाओं ने भी रोजगार और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग दोहराई।
प्रतापगढ़ में संजय सिंह की इस यात्रा ने राजनीतिक माहौल में नई हलचल पैदा कर दी है। आगामी दिनों में यह पदयात्रा अन्य जिलों में भी पहुंचकर युवाओं और आम लोगों से संवाद करेगी।








