प्रतापगढ़। थाना हथिगवां पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट से संबंधित दो अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को थाना क्षेत्र के जहानाबाद पुल के पास से पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम लक्षन सरोज निवासी पथरियापुर, थाना नवाबगंज, जनपद प्रयागराज तथा प्रेम पाल निवासी ग्राम टेंवा, थाना मझनपुर, जनपद कौशांबी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ कई जिलों में गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी तथा क्षेत्राधिकारी कुंडा के पर्यवेक्षण में थाना हथिगवां पुलिस टीम ने क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। सूचना मिली कि दोनों आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार राम लक्षन सरोज पर गोवध, पशु क्रूरता, अवैध हथियार तथा विस्फोटक पदार्थों से जुड़े मामलों सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज रहे हैं। वहीं प्रेम पाल पर भी गोवध, पशु क्रूरता और अन्य आपराधिक मामलों का इतिहास बताया जा रहा है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रिन्स तिवारी तथा उनकी टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की गिरफ्तारी से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
























