प्रतापगढ़। जनपद के दिलीपपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। सरखेलपुर गांव निवासी आजाद अली के 16 वर्षीय पुत्र मो. शादान की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसर गया।


जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मो. शादान अपने कुछ साथियों के साथ गोई गांव के पास बहने वाली सई नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। उसके साथ मौजूद साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया।


स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए उसे निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिवार और साथ आए लोगों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।


घटना की जानकारी मिलते ही दिलीपपुर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि मृतक के पिता प्रेम नगर चौराहा पर एक क्लीनिक चलाते हैं और परिवार का इकलौता सहारा माने जाने वाले बेटे की अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।


इस हादसे ने एक बार फिर नदी और तालाबों में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग भी की है।

Facebook Comments