लॉकडाउन न होता तो अब तक देश में कोरोना के 8 लाख मामले होते: स्वास्थ्य मंत्रालय…..
नई दिल्ली :-
देशभर में कहर बरपा रहे कोरोना को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय रिपोर्ट पेश कर रहा है। मंत्रालय के अनुसार कोरोना से अब तक 239 लोगों की मौत हो गई है। अब तक 643 लोग ठीक हो गए हैं। देश में अब तक 1 लाख 70 हजार टेस्ट किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अगर समय रहते लॉकडाउन ना किया होता तो आज देश में 8 लाख केस होते।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में 6,565 लोग संक्रमण की चपेट में हैं जबकि 642 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और एक व्यक्ति विदेश चला गया है। मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार शाम से अब तक 33 लोगों की मौत हुई है। इनमें 17 मौत मध्य प्रदेश में, 13 महाराष्ट्र में, दो गुजरात में और एक असम में हुई है। कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा 110 मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद मध्य प्रदेश में 33, गुजरात में 19 और दिल्ली में 13 लोगों की मौत हुई है। पंजाब में 11 मौत जबकि तमिलनाडु में आठ और तेलंगाना में सात लोगों की मौत हुई है। आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में छह-छह लोगों की मौत जबकि पश्चिम बंगाल में पांच लोगों की मौत हुई है।
जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में जहां चार-चार मौत हुई है वहीं हरियाणा और राजस्थान में तीन-तीन लोगों ने वायरस के कारण अपनी जान गंवाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक केरल में दो लोगों की मौत हुई है। बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और असम प्रत्येक से एक-एक व्यक्ति की मौत की खबर है। कुल 7,447 संक्रमितों में 71 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। मृतकों का आंकड़ा शुक्रवार की शाम तक 206 था।