मेरठ। शराब के शौक और दहेज के लालच ने शादी का ख्वाब सजाए मंडप में पहुंचे दूल्हे और उसके परिजनों को हवालात पहुंचा दिया। दरअसल, शराब पीकर मदहोश दूल्हे को मंडप में लड़खड़ाते देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद दुल्हन के परिजनों ने वर पक्ष पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए बारात को बंधक बना लिया। देर रात तक चली समझौता वार्ता में दूल्हा पक्ष दुल्हन पक्ष को शादी में खर्च हुई रकम वापस लौटाने को तैयार हो गया। मगर, समझौता ना होने तक फिलहाल दूल्हा और उसके परिवार के कुछ लोग ‘सरकारी मेहमान’ बनकर हवालात में बैठे हैं।

मामला परतापुर थाना क्षेत्र के भूड़ बराल गांव का है। दरअसल यहां रहने वाले राजपाल की पुत्री मुनेश की शादी गढ़ रोड सिसौली स्थित परमानंद पुत्र अमित के साथ तय हुई थी। शुक्रवार की रात अमित और उसके परिवार के लोग दुल्हन के गांव में बारात लेकर पहुंचे थे। दुल्हन की मां के मुताबिक वरमाला के समय शराब के नशे में धुत अमित ढंग से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। शराबी दूल्हे को देख उनकी बेटी मुनेश ने शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान दहेज में बाइक को देख दूल्हा पक्ष भी एक लाख रुपए नकद और कार की मांग पर अड़ गया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई और दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। घटना से गुस्साए वधू पक्ष के लोगों ने पूरी बारात को मंडप में बंधक बना लिया।

जिसके बाद दावत में शामिल होने आए बारातियों की खुशियां काफुर हो गईं। दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों के बीच रात भर समझौते के प्रयास चलते रहे। जिसके बाद दूल्हे का भाई और पिता दुल्हन पक्ष द्वारा शादी में खर्च की गई 10 लाख की रकम का इंतजाम करने के लिए अपने गांव रवाना हो गए। उधर, सुबह तक दोनों के वापस न लौटने पर लड़की के परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने दूल्हे सहित उसके कुछ रिश्तेदारों को फिलहाल थाने में बैठा लिया है।

चक्रपाणि सीओ परतापुर।

Facebook Comments