युवक के प्यार में पागल विवाहिता पति को छोड़कर वापस आ गई। लेकिन प्रेमी ने भी शादी से इनकार कर दिया। मायकेवालों ने भी रखने से मना कर दिया। अब वह दर-दर की ठोंकरे खा रही है। पुलिस को प्रेमी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही।
कुंडा के जमेठी की एक युवती ने बताया कि गांव का एक युवक शादी करने का झांसा देकर वर्ष 2016 से उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान दोनों साथ-साथ घूमते रहे। जानकारी होने पर दोनों के परिजनो ने उनको अलग करने का प्रयास किया। युवक फिर भी उसे शादी करने की बात कहकर दुष्कर्म करता रहा। युवती के परिजनों ने आननफानन उसकी शादी कर दी। इसके बावजूद उसका गांव के युवक से प्रेम संबंध बना रहा। आरोपित युवक बराबर उससे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। उसके झांसे में आकर वह पति को छोड़कर घर आ गई। यहां प्रेमी युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। आरोपित को उसके परिजनों ने बाहर भेज दिया। अब मायके वाले भी युवती को घर में नहीं रख रहे हैं। ससुराल भी नहीं जा सकती है। पीड़िता का आरोप है कि युवक के पक्ष से गांव के कुछ लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।





