मान्धाता पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार

26 किलो 650 ग्राम अवैध गांजा और जाइलो कार बरामद

प्रतापगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मान्धाता थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 26 किलो 650 ग्राम अवैध गांजा और एक जाइलो कार बरामद की। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और एएसपी पूर्वी शैलेन्द्र लाल व क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में मान्धाता पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गजेहड़ी पुलिया के पास से बृजेश सिंह उर्फ साधू सिंह पुत्र तेजबहादुर सिंह (50) निवासी बासूपुर थाना मान्धाता को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 25 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा और एक जाइलो कार बरामद की गई। मामले में थाना मान्धाता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया तथा कार को सीज कर दिया गया।

इसी क्रम में उपनिरीक्षक हेमन्त वर्मा की टीम ने वासुपुर ढेकाही पुलिया के पास से अक्षय कुमार पटेल पुत्र रामदेव पटेल (30) निवासी ग्राम अमैया मऊ थाना मान्धाता को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि उसने यह गांजा बृजेश सिंह से खरीदा था और गांव–गांव जाकर बेचता था।

पूछताछ में बृजेश ने पहले गांजे को तंबाकू बताने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से गांजे का कारोबार कर रहा है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार बृजेश का आपराधिक इतिहास भी है। वर्ष 2021 में उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।

बरामदगी के आधार पर बृजेश सिंह के खिलाफ व अक्षय पटेल के खिलाफ  धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविन्द कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रभात वर्मा, हेड कांस्टेबल अंजनी, आशाराम, कांस्टेबल कमलदीप यादव, चालक वीसी मोहम्मद अली सहित दूसरी टीम में उपनिरीक्षक हेमन्त वर्मा, का. पंकज, हेड कांस्टेबल मुस्तकीम और कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।

Facebook Comments