प्रतापगढ़ जिले की कानून व्यवस्था के लिए सिरदर्द बना शातिर अपराधी आखिरकार STF के हत्थे चढ़ ही गया। रानीगंज थाना क्षेत्र के जरियारी गांव का रहने वाला इनामी बदमाश अभिषेक उर्फ प्रद्युम्न (24) मंगलवार को महाराष्ट्र के नवी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रयागराज रेंज के आईजी द्वारा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
यह कार्रवाई STF कानपुर यूनिट ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में की। उपनिरीक्षक राहुल परमार व उनकी टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और खुफिया सूत्रों की मदद से आरोपी को रबाले चौराहा, घंसौली, नवी मुंबई से पकड़ा। गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल देवेश द्विवेदी, अरविंद सिंह, अशोक राजपूत, कांस्टेबल सत्यम यादव तथा चालक सुरेश सिंह की भूमिका अहम रही।
जमीन विवाद से उपजा विवाद
24 जुलाई 2025 को ग्राम जरियारी में जमीन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी। अभिषेक और उसके साथियों ने लाठी-डंडों व असलहों से हमला कर फायरिंग की थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ FIR संख्या 249/25 दर्ज कर कई धाराओं में मुकदमा कायम किया था।
लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें महामारी अधिनियम उल्लंघन, मारपीट, धमकी, अवैध असलहे रखने और हालिया फायरिंग का मामला शामिल है। वर्ष 2020 में भी रानीगंज थाने में उस पर कई धाराओं में कार्रवाई हुई थी।
पुलिस की बड़ी सफलता
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने STF टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी जिले में अपराधियों के हौसले पस्त करने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि अभियुक्त को प्रतापगढ़ लाकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गांव जरियारी में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग ने क्षेत्र में दहशत फैला दी थी। आरोपी की गिरफ्तारी से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।