प्रतापगढ़। थाना अंतू क्षेत्र में हुए एक जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मृतक के ही पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई में थाना अंतू पुलिस और स्वाट टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस वारदात का खुलासा किया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का ठोस टुकड़ा भी बरामद किया गया है।
घटना ग्राम नरी थाना अंतू क्षेत्र की है। यहां 28 दिसंबर 2025 की शाम एक व्यक्ति अपने खेत में पानी लगाने के लिए गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन सुबह परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो उसका शव खेत के बगल स्थित सरसों के खेत में पड़ा मिला। इस संबंध में उदयभान यादव की तहरीर पर थाना अंतू में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट, स्वाट टीम, स्पेशल टीम और स्थानीय पुलिस द्वारा मौके से अहम साक्ष्य जुटाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं और लगातार संदिग्धों की तलाश की जाने लगी।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी सूचनाओं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मृतक के पुत्र उदयभान यादव निवासी ग्राम बवुरिहा (नरी) को उसके खेत के पास बने कमरे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 28 दिसंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे उसने खेत की मेड़ पर नीम के पास अपने पिता के सिर पर चिरी हुई पुरानी लकड़ी के ठोस टुकड़े से जोरदार प्रहार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को बगल के सरसों के खेत में छिपा दिया। हत्या के बाद मृतक का मोबाइल फोन रास्ते में खेत में फेंक दिया गया, ताकि शक न हो।
हत्या के कारणों का खुलासा करते हुए अभियुक्त ने बताया कि उसकी मां की मृत्यु के बाद पिता दूसरी महिला को घर ले आए थे और उसी के कहने पर चलते थे। सारी कमाई उसी पर खर्च कर देते थे, जिससे अभियुक्त और उसके बच्चों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। बच्चों की फीस और घर के खर्च को लेकर लगातार तनाव बना रहता था। इसी पारिवारिक और आर्थिक विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का ठोस टुकड़ा बरामद कर लिया है और मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल अनावरण में थाना अंतू पुलिस टीम और स्वाट टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है और यह संदेश गया है कि अपराध करने वाले कितने ही नजदीकी क्यों न हों, कानून के शिकंजे से नहीं बच सकते।







