प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय पूरे मीतन में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय परिसर के अंदर एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर हालत में पाई गई। घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। युवती जमीन पर अचेत अवस्था में तड़पती हुई मिली, जिसे देखकर विद्यालय स्टाफ और स्थानीय लोग सकते में आ गए।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय खुलने के बाद सहायक अध्यापक मनोज वर्मा ने जब स्कूल परिसर के पीछे स्थित बाउंड्री गेट को खोला, तो उनकी नजर अंदर पड़ी युवती पर गई। युवती अचेत हालत में जमीन पर पड़ी हुई थी और उसकी हालत बेहद नाजुक दिखाई दे रही थी। उन्होंने बिना देर किए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और ग्राम प्रधान शांति देवी को भी मामले से अवगत कराया।
सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवती को लालगंज ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवती का इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनंदन राय, क्षेत्राधिकारी आशुतोष मिश्रा और लालगंज कोतवाल आलोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती को किसने, कब और किन परिस्थितियों में विद्यालय परिसर में छोड़ा।
पुलिस जांच के दौरान युवती के पास से आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद हुई। दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद युवती की पहचान निशा सरोज (25) पुत्री मेवालाल निवासी पूरे चिरंजीवी, थाना संग्रामगढ़ के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि निशा बुधवार सुबह करीब 11 बजे आधार कार्ड में संशोधन कराने की बात कहकर घर से निकली थी। वह बाबागंज बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों के अनुसार, निशा एक युवक के बहकावे में आकर उसके साथ चली गई थी। इसी सिलसिले में पहले से उसकी तलाश की जा रही थी और बुधवार शाम को गांव के प्रधान प्रतिनिधि अंकित मिश्रा उर्फ गोलू द्वारा थाना में प्रार्थना-पत्र देकर उसके लापता होने की सूचना दी गई थी। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
एडिशनल एसपी बृजनंदन राय ने बताया कि युवती की शादी 25 अगस्त 2025 को धुइसरनाथ धाम में राजा मंडी से गुदा का पूरवा, नरई निवासी शिवा नामक युवक से हुई थी। हालांकि शादी के कुछ महीनों बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था, जिसको लेकर थाना संग्रामगढ़ में आपसी समझौता भी हुआ था। इसके बावजूद युवती अपने पति से अलग रह रही थी।
स्थानीय लोगों और सूत्रों के मुताबिक, युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ घर से आधार कार्ड और बैंक पासबुक लेकर निकली थी। चर्चा है कि रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। सूत्रों का यह भी कहना है कि घटना से करीब दो घंटे के भीतर युवती और युवक के बीच लगभग 35 से 40 बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी, जो मामले को और भी संदिग्ध बनाता है।
बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले निशा ने बगल के गांव के एक युवक के खिलाफ थाना महेशगंज में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उक्त युवक उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अब एक बार फिर उसी युवक की भूमिका संदेह के घेरे में है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ की टीम भी जांच में जुट गई है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस युवती के मोबाइल कॉल डिटेल्स, लोकेशन और घटनाक्रम से जुड़े सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। जिस युवक के साथ युवती के जाने की बात सामने आ रही है, उसकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। युवती के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
























