प्रतापगढ़ जिले के पट्टी-ढकवा मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अमरगढ़ बाजार के पास पेट्रोल पंप के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार मारुति वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के सीतापुर गांव निवासी अनिल रजक (38) अपने पड़ोसी सुरेश सिंह (36) के साथ बाइक से अमरगढ़ बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक मारुति वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और वैन दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बाइक सवार अनिल रजक और सुरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वैन में सवार ढकवा निवासी लालचंद जायसवाल और चुनौता निवासी आफताब आलम भी चोटिल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही अनिल रजक ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अनिल रजक की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन हादसे से सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।
























