प्रतापगढ़। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में प्रतापगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जनपदीय साइबर सेल एवं साइबर क्राइम थाना प्रतापगढ़ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार हुए 22 पीड़ितों को कुल 9,32,938 रुपये की धनराशि वापस दिलाने में सफलता हासिल की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में तथा साइबर नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री शैलेन्द्र लाल एवं सहायक नोडल अधिकारी सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में की गई। टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और पीड़ितों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों की जांच करते हुए बैंकिंग चैनलों के माध्यम से ठगी की गई धनराशि को ट्रेस कर पीड़ितों के खातों में वापस कराया।
जानकारी के अनुसार ठगी के अधिकांश मामले यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड फ्रॉड तथा अन्य डिजिटल माध्यमों से जुड़े थे। साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण पीड़ितों की रकम समय रहते सुरक्षित की जा सकी। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस विभाग और साइबर सेल टीम का आभार जताया।
इस अवसर पर प्रतापगढ़ पुलिस ने आम जनता से साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील भी की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी ऑफर, पार्ट-टाइम जॉब और लिंक से सावधान रहें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
पुलिस ने लोगों को आगाह किया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित किया जा सके।
प्रतापगढ़ साइबर पुलिस ने जनता से डिजिटल प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और सतर्क रहने की अपील की है।
























