मथुरा जनपद के महावन थाना क्षेत्र स्थित खप्परपुर गांव में मंगलवार सुबह एक ही परिवार के पांच सदस्यों के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार ने दूध में जहर मिलाकर उसका सेवन किया, जिसके चलते सभी की मौत हो गई।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह देर तक परिवार के लोग घर से बाहर नहीं निकले। पड़ोसियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया, जहां घर के भीतर पांचों के शव पड़े मिले।
पुलिस को घटनास्थल से दूध के गिलास भी मिले हैं, जिससे जहर मिलाकर सेवन करने की आशंका मजबूत हुई है। वहीं, रसोई की दीवार पर लिखे एक कथित सुसाइड नोट में “मैं मनीष और सीमा अपनी मर्जी से मर रहे हैं” लिखा मिला है। हालांकि, पुलिस इसकी सत्यता की भी जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान मनीष (35), उनकी पत्नी सीमा (32), दो वर्षीय पुत्र प्रतीक तथा बेटियां हनी (5) और प्रियांशी (4) के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।






