जनपद प्रतापगढ़ में “मिशन शक्ति” अभियान के तहत एन्टी रोमियो टीमों का सशक्त अभियान जारी
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाया गया जनजागरूकता कार्यक्रम
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की एन्टी रोमियो टीमों ने शुक्रवार को क्षेत्रीय बाजारों, चौराहों, रेलवे स्टेशन, स्कूल-कॉलेजों, बस स्टॉप व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन अभियान चलाया।
इस दौरान टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याण योजनाओं एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
➡️प्रमुख टोल-फ्री नंबरों की जानकारी दी गई:
महिला हेल्पलाइन – 1090
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन – 1076
आपातकालीन सेवा – डायल 112
बाल सहायता सेवा – 1098
एंटी रोमियो टीम के सदस्यों ने महिलाओं को बताया कि इन सेवाओं के माध्यम से वे किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही उन्हें यह भरोसा भी दिलाया गया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए सतत तत्पर है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा का अहसास दिलाना, उनके अधिकारों के प्रति उन्हें जागरूक करना तथा समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाना है।
अभियान के दौरान कई छात्राओं व महिलाओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस की सक्रियता को सराहा।