ऑपरेशन प्रहार में मानिकपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 54.64 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
प्रतापगढ़। जनपद में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना मानिकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 54.64 ग्राम स्मैक और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.08 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायण वैस के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पंकज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
थाना मानिकपुर के उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह,तथा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खिन्नीतर हनुमान मंदिर वार्ड रानापट्टी, ग्राम मुंदीपुर के पास घेराबंदी कर दीपक मिश्रा (24) पुत्र कृष्ण कुमार मिश्रा निवासी मुंदीपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 54.64 ग्राम स्मैक और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना मानिकपुर में मु.अ.सं. 146/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले गांजा बेचता था और जेल भी जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने स्मैक की तस्करी शुरू कर दी क्योंकि कम मात्रा में अधिक मुनाफा मिलने के साथ इसे छिपाना भी आसान होता है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। क्षेत्र में अपराध एवं नशा तस्करी के खिलाफ उनकी सक्रियता और सतर्कता के चलते लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी प्रभारी अमित सिंह की कार्यशैली के कारण क्षेत्र में अपराधियों और नशा तस्करों में भय का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा निर्माण की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।







