बिजली बोर्ड में प्लग लगाते समय उतरा करंट, 45 वर्षीय अशोक वर्मा की मौत
प्रतापगढ़। सांगीपुर थाना क्षेत्र के सराय दलपत गांव में बुधवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बिजली बोर्ड में प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय अशोक वर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सराय दलपत गांव निवासी भग्गू वर्मा के बेटे अशोक वर्मा बुधवार रात करीब नौ बजे घर के बिजली बोर्ड में प्लग लगा रहे थे। इसी दौरान बोर्ड में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। अचानक हुए हादसे से घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में अशोक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगीपुर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची सांगीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थानाध्यक्ष गौरव त्रिवेदी ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







