प्रतापगढ़। बाघराय थाना क्षेत्र में दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में फरार चल रहे 19 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे से गलगली जाने वाले लिंक रोड पर गलगली गेट के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में बाघराय पुलिस को यह सफलता मिली।
थानाध्यक्ष राकेश चौरसिया के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद सिंह यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी इलाके में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और शुभम सरोज पुत्र बलई सरोज निवासी नाथ का पुरवा, काशीपुर डुबकी, थाना बाघराय को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनोद सिंह यादव, सहायक उपनिरीक्षक राजाराम सिंह, कांस्टेबल ओम प्रकाश तोमर, सौरभ यादव, सुनील कुमार, शशांक राय और महिला कांस्टेबल मिक्की सिंह शामिल रहीं।







