प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि अब उन्हें न तो पुलिस का खौफ दिखाई दे रहा है और न ही पकड़े जाने का डर। बीती रात चोरों ने दो गांवों में एक के बाद एक चार घरों को निशाना बनाया और दीवार फांदकर व छत के रास्ते घरों में दाखिल होकर 14 बकरियां-बकरे चोरी कर फरार हो गए। चोरों ने वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि घरों में सो रहे लोगों को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब पशु गायब मिले तो ग्रामीणों के होश उड़ गए। एक ही रात में चार घरों में चोरी की घटनाओं से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
दीवार फांदकर घर में घुसे चोर, चार बकरियां उठा ले गए
मिली जानकारी के मुताबिक, रानीगंज थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव निवासी इकराम पुत्र जफरुल के घर में रात करीब एक बजे चोर दीवार फांदकर दाखिल हुए। चोरों ने घर में बंधी तीन बकरियों और एक बकरे को अपना निशाना बनाया और उन्हें लेकर चंपत हो गए। इसके बाद चोरों के हौसले इतने बुलंद रहे कि उन्होंने घटनास्थल से महज दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित फतई के घर को निशाना बनाया। यहां से भी पांच बकरियां चोरी कर चोर आसानी से फरार हो गए।
पूरेगोलिया में भी मचाया आतंक, छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर
गंभीरपुर में वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने पूरेगोलिया गांव में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। गांव निवासी सलीम पुत्र रऊफ के घर में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए। घर के अंदर कमरे में बंधी दो बकरियों को खोलकर अपने साथ ले गए। इसके बाद चोरों ने सलीम के चाचा के लड़के कलीम पुत्र मुर्तजा के घर को निशाना बनाया और वहां से भी दो बकरियां चोरी कर लीं। इस तरह चोरों ने एक ही रात में दोनों गांवों के चार घरों से कुल 14 बकरियां-बकरे चोरी कर लिए।
सूचना के बावजूद पुलिस के नहीं पहुंचने का ग्रामीणों का आरोप
घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में ही पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। डायल 112 की गाड़ी मौके पर आई जरूर, लेकिन कुछ देर बाद वापस चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय होकर आसपास के रास्तों पर घेराबंदी करती और संदिग्धों की तलाश शुरू करती तो संभव था कि चोरों को रात में ही पकड़ लिया जाता। सुबह घरों से बकरियां गायब मिलने पर ग्रामीणों ने दोबारा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल, आखिर कहां गायब हो गए चोर?
एक ही रात में दो गांवों के चार घरों में चोरी की वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर लगातार घरों को निशाना बना रहे हैं और ग्रामीणों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। पशुपालन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में बकरियों की चोरी से पीड़ित परिवारों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चोर कहां से आए और 14 बकरियां-बकरे लेकर किस रास्ते से फरार हो गए? क्या चोरों ने पहले से गांवों की रेकी कर रखी थी? क्या वारदात को अंजाम देने में किसी स्थानीय व्यक्ति की भूमिका है? और सबसे अहम सवाल यह कि जब एक ही रात में लगातार चार घरों में चोरी हो रही थी, तब पुलिस की रात्रि गश्त कहां थी?
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी आक्रोश है कि अगर रात में ही पुलिस सक्रिय हो जाती तो शायद चोरों के भागने के रास्ते बंद किए जा सकते थे। अब ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने, चोरी गई बकरियां बरामद कराने और क्षेत्र में रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है।




