प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
मामला रानीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर (मिश्राइनपुर) गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार, बीते 7 नवंबर को गांव निवासी एक व्यक्ति अपने दरवाजे पर बैठकर मजदूरों से काम करा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के सोनू पाण्डेय और रोहित पाण्डेय असलहा लेकर उसके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए पीड़ित के माथे पर असलहा सटाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने शोर मचाते हुए मौके से भागने का प्रयास किया तो आरोप है कि सोनू पाण्डेय ने उस पर गोली चला दी। हालांकि, संयोगवश गोली उसे नहीं लगी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोगों के जुटने की आशंका पर दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर रानीगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 540/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित चल रहे रोहित पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय रामविशाल पाण्डेय, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी दरियापुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोतरी की है। मामले में दूसरे आरोपी की भूमिका को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।





