पत्नी की सहेली की शादी में दो दोस्तों को लेकर पहुंचा युवक, बिना निमंत्रण एंट्री पर हुआ बवाल; वीडियो वायरल होने के बाद फिर मिला दावत का न्योता
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक शादी समारोह के दौरान ऐसा दिलचस्प घटनाक्रम सामने आया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। पत्नी की सहेली की शादी में मुंबई से कार लेकर पहुंचे एक युवक के साथ उसके दो दोस्त भी थे। लेकिन दोनों दोस्तों को शादी में आमंत्रित नहीं किया गया था। इसी बात को लेकर लड़की पक्ष के लोगों और युवक के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर युवक अपने दोनों दोस्तों के साथ शादी समारोह से वापस लौट गया।
मिली जानकारी के अनुसार, अरमान खान मुंबई से कार चलाकर सीधे प्रतापगढ़ में आयोजित अपनी पत्नी की सहेली की शादी में पहुंचा था। उसके साथ दो दोस्त भी मौजूद थे। युवक अपनी पत्नी की सहेली की शादी में दोस्तों के साथ शामिल होकर खुशियों में शरीक होना चाहता था, लेकिन बिना निमंत्रण पहुंचे दोनों दोस्तों की मौजूदगी को लेकर लड़की पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
मामला बढ़ता देख युवक अपने दोनों दोस्तों को लेकर वहां से निकल गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पत्नी ने संभाला मोर्चा
इस घटनाक्रम में दिलचस्प मोड़ तब आया, जब वायरल वीडियो की जानकारी युवक की पत्नी तक पहुंची। पत्नी ने मुंबई से ही अपनी सहेली से बातचीत की और पूरे मामले को सुलझाने की पहल की। इसके बाद पत्नी की सहेली ने दोबारा युवक और उसके दोनों दोस्तों को शादी समारोह में आने का न्योता दिया।
बताया जा रहा है कि दोबारा बुलाए जाने के बाद युवक अपने दोनों दोस्तों के साथ शादी में पहुंचा और तीनों ने दावत का खाना भी खाया।
फिलहाल यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर बिना निमंत्रण दोस्तों को लेकर पहुंचने पर विवाद हुआ, वहीं दूसरी ओर पत्नी की पहल और सहेली के दोबारा बुलाने से मामला सुलझ गया।





