Home Uncategorized प्रतापगढ़ में रेलवे परिसर में घुसी ‘पाकिस्तानी बुली डॉग’ ने मचाया हड़कंप,...

प्रतापगढ़ में रेलवे परिसर में घुसी ‘पाकिस्तानी बुली डॉग’ ने मचाया हड़कंप, आक्रामक कुतिया को पकड़ने के लिए बुलानी पड़ी प्रयागराज की विशेषज्ञ टीम

Oplus_16908288
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास में घुसी विशालकाय बुली डॉग, मचा हड़कंप; प्रयागराज से बुलाई गई एक्सपर्ट टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन से किया रेस्क्यू

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जंक्शन के कर्मचारी आवास परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशालकाय मादा पाकिस्तानी बुली डॉग भटकते हुए परिसर में पहुंच गई। भारी-भरकम शरीर और आक्रामक व्यवहार वाली कुतिया को देखकर रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों में डर का माहौल बन गया। देखते ही देखते इसकी जानकारी पूरे परिसर में फैल गई और लोग सतर्क हो गए।

एक रेलकर्मी ने सूझबूझ दिखाते हुए परिसर का मुख्य गेट बाहर से बंद कर दिया, ताकि कुतिया अचानक बाहर निकलकर किसी राहगीर या दूसरे इलाके में न पहुंच जाए। इसके बाद मामले की सूचना नगर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए कुतिया पर नजर रखी।

आक्रामक व्यवहार देखकर स्थानीय टीम ने लिया विशेषज्ञों की मदद का फैसला

कुतिया की नस्ल की पहचान होने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। उसके भारी शरीर और आक्रामक व्यवहार को देखते हुए स्थानीय स्तर पर उसे पकड़ना जोखिम भरा माना गया। वन विभाग और नगर पालिका की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू के लिए विशेषज्ञों की मदद लेने का निर्णय लिया। इसके बाद प्रयागराज से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।

प्रयागराज से एक्सपर्ट टीम के पहुंचने के बाद काफी सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से कुतिया को बेहोश किया। इसके बाद आंखों पर विशेष केमिकल का इस्तेमाल कर उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया। रेस्क्यू के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने विशालकाय कुतिया को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद प्रयागराज वन विभाग की टीम ने मादा बुली डॉग को नगर पालिका परिषद बेल्हा के सुपुर्द कर दिया। नगर पालिका की विशेष वैन से उसे दहिलामऊ स्थित कंपनी बाग (शहीद उद्यान) ले जाया गया, जहां फिलहाल उसे सुरक्षित रखा गया है।

कंपनी बाग में बुली डॉग देखने उमड़ी भीड़, मालिक की तलाश में जुटी पुलिस

रेस्क्यू के बाद जब लोगों को जानकारी हुई कि कंपनी बाग में विशालकाय बुली डॉग को रखा गया है तो उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। शहर में यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतनी बड़ी और दुर्लभ नस्ल की कुतिया रेलवे परिसर तक कैसे पहुंची और उसका मालिक कौन है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार के अनुसार रेस्क्यू की गई बुली डॉग मादा है और स्वस्थ है। अभी तक उसके मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। नगर कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की टीमें मालिक के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई हैं।

प्रशासन के अनुसार दो से तीन दिन तक किसी वैध दावेदार का इंतजार किया जाएगा। यदि इस अवधि में कोई व्यक्ति सामने आकर कुतिया पर अपना वैध स्वामित्व साबित नहीं करता है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उसे वन विभाग को सौंपे जाने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।

फिलहाल पुलिस और नगर पालिका की टीम यह पता लगाने में भी जुटी है कि यह विशालकाय कुतिया शहर के बीच स्थित रेलवे कर्मचारी आवास परिसर तक कैसे पहुंची। उसके मालिक और उसके रेलवे परिसर तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply