Skip to content

₹10 हजार के इनामी गैंगस्टर को प्रतापगढ़ पुलिस ने रायबरेली से दबोचा, गिरफ्तारी से बचने के लिए किराये के मकान में छिपा था आरोपी

प्रतापगढ़। अपराधियों के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वांछित एवं इनामिया अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतनपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित ₹10 हजार के इनामी अभियुक्त को पड़ोसी जनपद रायबरेली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में एक बार फिर खलबली मच गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशांत राज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक फतनपुर सत्येंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कामयाबी हासिल की।

पुलिस के मुताबिक, थाना रानीगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 234/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे श्रीनिवास शर्मा उर्फ नन्हके पुत्र रमाशंकर शर्मा निवासी सराय जमुनी, थाना रानीगंज, प्रतापगढ़ पर ₹10 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 18 नवंबर को उपनिरीक्षक राजनाथ यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रायबरेली में छिपकर रह रहा है।

सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जवाहर बिहार कॉलोनी, मलिकमऊ, थाना मिल एरिया, जनपद रायबरेली में दबिश देकर करीब 22 वर्षीय श्रीनिवास शर्मा उर्फ नन्हके को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित होने के कारण वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने भाई के साथ रायबरेली में किराये का मकान लेकर छिपकर रह रहा था।

तीन मुकदमों में दर्ज है नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ प्रतापगढ़ के कोतवाली नगर और रानीगंज थानों में पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में दर्ज दो मुकदमों के साथ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजनाथ यादव, कांस्टेबल राजनरायन यादव एवं कांस्टेबल रुद्रांश चौबे थाना फतनपुर की अहम भूमिका रही। टीम ने जनपद से बाहर रायबरेली पहुंचकर सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।

अपराध नियंत्रण के लिए अपनी कार्यशैली से पहचान बना रहे रुद्रांश चौबे

इस कार्रवाई में कांस्टेबल रुद्रांश चौबे की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग के प्रति सक्रियता के लिए अपनी कार्यशैली से पहचान बना रहे रुद्रांश चौबे पुलिस टीम के महत्वपूर्ण सदस्यों में शामिल रहे। वांछित एवं इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी जैसे अभियानों में उनकी सक्रिय भागीदारी पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाती है। थाना फतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a comment

Leave a Reply