पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर जाम लगाने पहुंचे परिजन, पुलिस ने समझा-बुझाकर वापस भेजा; शिकायत पर कार्रवाई न होने का लगाया आरोप
प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में करीब दो माह पहले हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 71 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, परिजनों ने पुलिस पर समय रहते शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का गंभीर आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर पहुंच गए और जाम लगाने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को लेकर घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रामनगर गांव निवासी गंगा प्रसाद सरोज (71) पुत्र मनबोध के साथ 27 सितंबर 2026 को मारपीट हुई थी। इस घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने रानीगंज थाने में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
उधर, मारपीट में घायल गंगा प्रसाद की हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए स्वरूप रानी अस्पताल ले गए थे। वहां उनका इलाज चल रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि वृद्ध की हालत में सुधार होगा, लेकिन 23 नवंबर की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक का माहौल बन गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब परिजन शव लेकर घर लौट रहे थे, तभी उनका आक्रोश सामने आ गया। परिजन शव लेकर लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर पहुंचे और जाम लगाने का प्रयास करने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजनों को शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए।
इस संबंध में रानीगंज थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों से घटना के संबंध में शिकायत प्राप्त की गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जो भी धाराएं बनेंगी, उनके तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।







