प्रतापगढ़। जनपद के महेशगंज थाना क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थाना महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार देर शाम गंगा एक्सप्रेसवे के पास हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 28 जून को थाना महेशगंज क्षेत्र के टेंडा सरैया के पास ई-रिक्शा में सवार एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने का लॉकेट छीन लिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम और स्वाट टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
सोमवार को थाना प्रभारी महेशगंज संदीप तिवारी अपनी टीम तथा स्वाट टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल दोनों आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी प्लांट के सामने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। इसी बीच आरोपी अंकित जोशी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जो अंकित जोशी के पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित जोशी पुत्र मुक्तिलाल जोशी निवासी ग्राम वासुपुर पौड़ियां थाना लीलापुर के रूप में हुई है। वहीं उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को पुलिस ने संरक्षण में ले लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
मौके से पुलिस ने महिला से छीना गया सोने का लॉकेट, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान का असर भी अब दिखाई देने लगा है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना महेशगंज पुलिस के साथ स्वाट टीम के उपनिरीक्षक अमित कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, उपनिरीक्षक अजीत तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







