प्रतापगढ़। जनपद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ऑनलाइन ठगी नेटवर्क से जुड़े 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह देशभर में सक्रिय साइबर अपराधियों को बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दिलाने में सहयोग कर रहा था। जांच में अब तक 12 करोड़ 18 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के 10 अलग-अलग थानों में दर्ज 14 साइबर अपराध के मुकदमों की जांच के दौरान इस संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी स्वयं लोगों से ऑनलाइन ठगी नहीं करते थे, बल्कि अपने नाम से खुले बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों और सिम कार्डों का इस्तेमाल दूसरे राज्यों में बैठे ठग ऑनलाइन फ्रॉड करने के लिए करते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को प्रत्येक बैंक खाते या सिम कार्ड के बदले 5 हजार से 10 हजार रुपये तक का भुगतान किया जाता था। इस माध्यम से साइबर अपराधी देशभर के लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग लेनदेन की जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाई।
एएसपी आलोक कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही ठगी की गई रकम की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस नेटवर्क के मुख्य संचालक समेत अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में पुलिस ने श्रीराम गौतम, सचिन सिंह, सचिन पटेल, विराज सिंह, लवकुश सरोज, रवि कुमार, मुकेश कुमार, दीपक सिंह, अर्पित कुमार, अंकित त्रिवेदी, अंकित कुमार पटेल सहित कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।







