प्रतापगढ़।आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़, जबरन धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बनाने के चर्चित मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर घर में घुसकर अभद्रता करने, कपड़े फाड़ने तथा लगातार फोन और व्हाट्सएप के जरिए धमकाने के आरोप हैं।
पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 15 जुलाई को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला एक युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकला।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के बाद आरोपी लगातार मोबाइल फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से परेशान करता रहा। वह धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था और मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। पीड़िता की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान आरोपी की तलाश की जा रही थी। रविवार को उसे कोपा-अमरगढ़ मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान सलमान (22) निवासी उदईशाहपुर के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की विवेचना जारी है। घटना के बाद गांव में काफी चर्चा का माहौल बना हुआ था और पीड़ित परिवार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था।







