Home Uncategorized मासूम की चीखें, इंसानियत शर्मसार! राशन लेकर लौट रही 13 वर्षीय बच्ची...

मासूम की चीखें, इंसानियत शर्मसार! राशन लेकर लौट रही 13 वर्षीय बच्ची को जंगल में घसीटकर दुष्कर्म का प्रयास, पूरे इलाके में उबाल

oplus_2097152
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

“जब समाज की बेटियां रास्ते में भी सुरक्षित न रहें, तो सवाल सिर्फ एक घटना का नहीं, पूरे समाज की संवेदनाओं का होता है। 13 साल की एक मासूम की दहशत भरी चीखें आज हर उस इंसान के दिल को झकझोर रही हैं, जो बेटियों की सुरक्षा पर भरोसा करना चाहता है।”

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय मासूम बालिका के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन लेकर साइकिल से घर लौट रही बच्ची को रास्ते में रोककर जंगल की ओर खींच ले जाने का आरोप एक युवक पर लगा है। घटना सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और हर वर्ग के लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।

राशन लेकर लौट रही थी, रास्ते में बना ली दरिंदगी की साजिश

जानकारी के अनुसार, रानीगंज थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव के पास सराय रतऊ बाग के निकट 13 वर्षीय बालिका सरकारी राशन लेकर साइकिल से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि गांव निवासी राजू गौतम पुत्र बुद्धिराम ने रास्ते में उसे रोक लिया और जबरन जंगल की ओर खींच ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया।

बताया जाता है कि भयभीत बच्ची ने पूरी ताकत से चीख-पुकार शुरू कर दी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया और मासूम किसी तरह उसकी गिरफ्त से बच सकी।

घटनास्थल के हालात ने बढ़ाई गंभीरता

सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के पास सड़क किनारे बालिका की साइकिल और राशन से भरी बोरी गिरी मिली। वहीं जंगल के अंदर कथित रूप से एक कंडोम का पैकेट,बोतलें , पीड़ित बालिका का चप्पल,एक अन्य चप्पल और अन्य संदिग्ध सामग्री मिलने की भी चर्चा है। हालांकि इन वस्तुओं के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है।

हर समाज के लोग पहुंचे, मासूम के लिए उठी न्याय की आवाज

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। लोगों का कहना है कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता और ऐसी घटनाओं पर पूरा समाज एकजुट होकर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी वारदात

रानीगंज थाना क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले सडौरा हरिहरगंज गांव में सुबह कोचिंग जा रही एक छात्रा के साथ भी छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाद में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब एक बार फिर सामने आई इस घटना ने क्षेत्र में बेटियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस कर रही जांच, आरोपी की तलाश तेज

पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर रानीगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल परीक्षण, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सबसे बड़ा सवाल—क्या बेटियां सुरक्षित हैं?

यह घटना केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने खड़ा एक बड़ा प्रश्न है। आखिर कब तक मासूम बेटियां स्कूल, कोचिंग या राशन लेकर घर लौटते समय भी डर के साए में जीने को मजबूर रहेंगी? अपराधियों में कानून का भय कब पैदा होगा? हर ऐसी घटना समाज के जख्मों को और गहरा कर देती है।

यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो दोषी के खिलाफ कानून के तहत सबसे कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी हैवान किसी मासूम की जिंदगी से खेलने की हिम्मत न कर सके।

(नोट: यह समाचार स्थानीय लोगों और परिजनों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।)

Leave a Reply