Home अपराध पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास! सरकारी वाहन में...

पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास! सरकारी वाहन में मारी टक्कर, देल्हूपुर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। देल्हूपुर थाना क्षेत्र में डायल-112 पीआरवी कर्मियों के साथ अभद्रता और पुलिसकर्मी को कार से कुचलने के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अल्टो कार संख्या UP72AH3668 भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को डायल-112 पीआरवी संख्या 8880 पर इवेंट संख्या 15059 प्राप्त हुई थी। स्टेशन मोड़ के पास मारपीट और जान से मारने की धमकी की सूचना पर पीआरवी कर्मी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान अल्टो कार सवार शिवमंगल सिंह और राहुल सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान राहुल सिंह ने तेज रफ्तार अल्टो कार पुलिसकर्मी की ओर मोड़कर उसे कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने सरकारी स्कॉर्पियो पीआरवी वाहन में टक्कर मार दी, जिससे वाहन का अगला बायां दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद दोनों आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।

मामले में तहरीर के आधार पर थाना देल्हूपुर में मु0अ0सं0 141/2026, धारा 109(1)/352/324(4)/132 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, कार बरामद

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्री आलोक कुमार तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री प्रशान्त राज के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी देल्हूपुर श्री राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने शिवमंगल सिंह (46 वर्ष), निवासी ग्राम भावलपुर, थाना देल्हूपुर और राहुल सिंह (41 वर्ष), निवासी ग्राम भावलपुर, थाना देल्हूपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अल्टो कार UP72AH3668 भी बरामद की।

दोनों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे

पुलिस के अनुसार, शिवमंगल सिंह के विरुद्ध मारपीट, तोड़फोड़, गाली-गलौज और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में पूर्व के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राहुल सिंह के विरुद्ध भी धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में पूर्व के अभियोग दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक तुलसी राम, कांस्टेबल दीपांशु शुक्ला, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, उपनिरीक्षक शिवा प्रजापति, कांस्टेबल उपेन्द्र कुमार एवं रिजर्व कांस्टेबल शुभम भास्कर शामिल रहे।

देल्हूपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पुलिसकर्मी को कुचलने के प्रयास और सरकारी वाहन में टक्कर के मामले में दोनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।

Leave a Reply