प्रतापगढ़ में सीएम योगी का बड़ा ऐलान – 570 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जीआईसी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “इन दलों ने संभल हिंसा के समय हिंदुओं को निशाना बनाया। इनका गठबंधन आज एंटी इंडिया गठबंधन बनकर रह गया है।”

सीएम ने प्रतापगढ़ को 570 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 260 करोड़ की लागत से 120 विकास कार्यों का लोकार्पण और 310 करोड़ की लागत वाले 74 नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर 2 बजे पुलिस लाइन में लैंड हुआ। वहां से वह मां बेल्हा देवी मंदिर पहुंचे और दर्शन के बाद सई नदी पर बने घाट का निरीक्षण किया।

प्रतापगढ़ जनपद के जीआईसी में सीएम योगी आदित्यनाथ

किसानों और उत्पादों को मिली नई पहचान

योगी ने कहा कि प्रतापगढ़ के किसानों ने आंवला जैसे औषधीय अमृत फल को वैश्विक पहचान दिलाई है। अब लोग गर्व से कहेंगे कि वे प्रतापगढ़ से हैं। जिले की रसमलाई ने भी मिठास की नई पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां की धरती मेहनतकश अन्नदाताओं के पसीने से सींची गई है। उन्होंने कहा कि जिले का आंवला न सिर्फ देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है। यही कारण है कि इसे ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)’ योजना में शामिल किया गया, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिला और किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी हुई।

सीएम ने कहा कि प्रतापगढ़ के उत्पादों को लेकर अब देश-दुनिया में चर्चा हो रही है। यहां की प्रसिद्ध रसमलाई ने मिठास की नई पहचान बनाई है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लोगों से पूछा – “बताइए, कितनों ने प्रतापगढ़ की रसमलाई खाई है?”

सीएम योगी आदित्यनाथ को सुनने के लिए आई भीड़

मेडिकल कॉलेज और एक्सप्रेसवे से विकास

सीएम ने बताया कि सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा हो चुका है। गंगा एक्सप्रेसवे का 42 किलोमीटर हिस्सा प्रतापगढ़ से होकर गुजरेगा, जो जिले की तस्वीर बदल देगा। अयोध्या-प्रयागराज छह लेन हाईवे से भी विकास को नई गति मिलेगी।

स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित होगा प्रतापगढ़

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि नगर पालिका परिषद प्रतापगढ़ को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष ने कई बार मुलाकात कर यह प्रस्ताव रखा है कि शहर के प्रमुख मार्गों को आधुनिक स्वरूप दिया जाए, जिसमें अत्याधुनिक लाइटिंग, अंडरग्राउंड केबलिंग, चौड़ी सड़कें, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और बेहतर पेयजल आपूर्ति शामिल होगी।

उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख बाजारों और ऐतिहासिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, यातायात व्यवस्था को और सुगम बनाया जाएगा तथा सफाई व्यवस्था को स्मार्ट तकनीक से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में प्रतापगढ़ न केवल औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में बल्कि शहरी विकास के मामले में भी नई पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष के प्रस्ताव पर मुख्यालय के प्रमुख मार्गों को स्मार्ट स्वरूप दिया जाएगा।

सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा चाकचौबंद रही

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सीएम के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। एक हजार से अधिक पुलिस कर्मी तैनात रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी के लिए रवाना हो गए।

प्रतापगढ़ और कौशांबी को मिला करोड़ों की परियोजनाओं का तोहफ़ा, सीएम योगी ने किया शिलान्यास और लोकार्पण

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रतापगढ़ और कौशांबी संसदीय क्षेत्र के लिए विकास की बड़ी सौगात दी। जिले के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सीएम ने सड़क चौड़ीकरण, संपर्क मार्ग निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर कुल मिलाकर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

प्रतापगढ़ संसदीय क्षेत्र को मिली सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ क्षेत्र के लिए दर्जनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सबसे अहम सड़क चौड़ीकरण और संपर्क मार्ग निर्माण से जुड़ी योजनाएं हैं, जिससे आवागमन आसान होगा और ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं—

उड़ैयाडीह-पृथ्वीगंज मार्ग चौड़ीकरण – 12.34 करोड़

फतनपुर-बीरापुर मार्ग चौड़ीकरण – 23.30 करोड़

लालगंज-मंझनपुर-मऊ मार्ग चौड़ीकरण – 36.80 करोड़

रांकी मुस्तफाबाद-लालगंज मार्ग चौड़ीकरण – 27.50 करोड़

बढ़नी से बलीपुर बाबूगंज मार्ग चौड़ीकरण – 19.78 करोड़

संगम चौराहे से राजेंद्र नगर बाईपास मार्ग चौड़ीकरण – 6.13 करोड़

इसके अलावा कई गांवों में संपर्क मार्गों का निर्माण होगा। जैसे—राजस्व ग्राम असरही, समापुर से खीरी बभनौटी, देल्हूपुर से गड़ेरिया का पुरवा, बरीबोझ से राजा का पुरवा और अन्य मार्गों का निर्माण कार्य।

शैक्षिक व प्रशासनिक ढांचे को मजबूती

शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी सौगात दी गई है। सीएम कंपोजिट विद्यालय बहोरिकपुर, नौदेवरा, मानापुर, भूला चंदौकी, डेरवा बाजार और सराय देवराज में आधुनिक सुविधाओं के साथ विद्यालयों का निर्माण होगा।
इसके अलावा सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय सदर के निर्माण पर 25.42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस लाइन स्थित साइबर थाना (3.39 करोड़) और पुलिस लाइन ट्रांजिट हॉस्टल (5.82 करोड़) का निर्माण भी होगा। साथ ही, पुलिस चौकी विश्वनाथगंज का भवन और अंतू में दो यूनिट अग्निशमन केंद्र भी बनेंगे।

शहर और पर्यटन का विकास

शहर की सुंदरता और सुरक्षा के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। शहर के नौ प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, देवकली और मीराभवन चौराहे पर ड्रेनेज कार्य होगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संडवाचंद्रिका मंदिर और यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल का विकास कार्य भी किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

कौशांबी संसदीय क्षेत्र में विकास की बयार

कौशांबी संसदीय क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। सबसे अहम लालगंज-मंझनमऊ दो लेन मार्ग निर्माण (15.85 करोड़) और कन्हैया नगर से राम वनगमन मार्ग चौड़ीकरण (16.22 करोड़) जैसी योजनाएं हैं।
इसके अलावा अनेक ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण होगा। प्रमुख मार्गों में शामिल हैं—

भदरी रेलवे फीडर से तिलक का पुरवा मार्ग

शिवबख्श का पुरवा से पूरे गंगाबक्स मार्ग

सराय स्वामी कुंडिया से पूरे किसुनी मार्ग

जेठवार से हरदत्त का पुरवा मार्ग

ताजपुरलरू से बनकटिया मार्ग (1.90 करोड़)

साथ ही, लालगोपालगंज से बेधन गोपालपुर मार्ग चौड़ीकरण (10.88 करोड़) भी इस क्षेत्र की बड़ी परियोजना है।
प्रशासनिक सुविधा बढ़ाने के लिए कुंडा में उपनिबंधक कार्यालय का निर्माण 2.28 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

सीएम योगी ने क्या कहा?

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। “हमारा लक्ष्य है कि हर गांव, हर कस्बे तक बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की सुविधाएं पहुंचाई जाएं। ये परियोजनाएं प्रतापगढ़ और कौशांबी की तस्वीर बदल देंगी,” सीएम ने कहा।

इन योजनाओं के पूरा होने पर न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, सुरक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ग्रामीण इलाकों में रोजगार और व्यवसायिक अवसरों में वृद्धि की भी उम्मीद है।

Facebook Comments