Home अपराध प्रतापगढ़ में कुएं से निकली लावारिश अपाचे बाइक, इलाके में चर्चाओं का...

प्रतापगढ़ में कुएं से निकली लावारिश अपाचे बाइक, इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

रिपोर्ट – मुदस्सिर मेंहदी

प्रतापगढ़ जनपद के अंतू थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़वारा चौकी के शिवराजपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पुराने कुएं में लावारिश हालत में एक अपाचे बाइक पड़ी होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही गड़वारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि कुएं के अंदर खतरनाक जहरीली गैस भरी हुई थी, जिससे बाइक को निकालना काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया। फायर कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से गड़वारा चौकी के कांस्टेबल जितेंद्र यादव एवं विनोद माथुर ने साहस का परिचय देते हुए काफी मशक्कत के बाद कुएं में गिरी अपाचे बाइक को बाहर निकाल लिया।

कुएं से बाइक निकलने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लावारिश बाइक को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे किसी आपराधिक घटना से जोड़कर देख रहा है तो कोई इसे चोरी की बाइक होने की आशंका जता रहा है।

फिलहाल पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बाइक का नंबर और अन्य विवरण खंगाले जा रहे हैं, ताकि उसके मालिक और कुएं तक पहुंचने के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

फिलहाल शिवराजपुर गांव में कुएं से निकली इस रहस्यमयी अपाचे बाइक को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply