Home अपराध व्यापारी की मौत से दहला इलाका, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

व्यापारी की मौत से दहला इलाका, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

नहर किनारे मिला बीज विक्रेता का शव, साथी गंभीर घायल; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

प्रतापगढ़। जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बीज विक्रेता का शव नहर किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए प्रयागराज रेफर किया गया है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अकारीपुर गांव निवासी ओम प्रकाश पटेल (45) दयालगंज बाजार में बीज भंडार की दुकान चलाते थे। वह क्षेत्र के एक जाने-माने बीज विक्रेता थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गांव के ही उमाशंकर यादव और बृजेश यादव उन्हें मोटरसाइकिल से अपने साथ लेकर गए थे।

परिजनों ने बताया कि रात काफी समय बीत जाने के बाद जब ओम प्रकाश घर नहीं लौटे तो उनकी बेटी ने करीब 8 बजे फोन किया। फोन उठाने पर बेटी ने बताया कि डेरी पर दूध देना है। इस पर ओम प्रकाश ने कहा कि दूध गरम कर लो, आज नहीं दे पाएंगे, वह बाहर हैं और देर हो जाएगी। इसके बाद परिजनों ने कई बार फोन मिलाया, लेकिन उनका मोबाइल फोन नहीं उठा।

रात भर परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे रहे। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि नहर के पास दो लोग पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।

मौके पर ओम प्रकाश पटेल का शव पड़ा हुआ था, जबकि उनके साथ गए बृजेश यादव अचेत अवस्था में गंभीर रूप से घायल मिले। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपुर देवसरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी एकत्र किया गया।

मृतक के बेटे शिवम पटेल ने पुलिस को तहरीर देकर पिता की हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि जिन लोगों के साथ उनके पिता घर से गए थे, उन्हीं परिस्थितियों में यह घटना हुई है, इसलिए मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

घटना के बाद अकारीपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायल व्यक्ति के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के पीछे दुर्घटना, आपसी रंजिश अथवा अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply