Home अपराध 38 वर्षीय दूल्हे संग हो रही थी नाबालिग की शादी, पुलिस पहुंची

38 वर्षीय दूल्हे संग हो रही थी नाबालिग की शादी, पुलिस पहुंची

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग किशोरी की शादी रुकवा दी तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस को 22 जून को सूचना मिली थी कि जोगापुर क्षेत्र के किना का पुरवा गांव में एक नाबालिग लड़की की जबरन शादी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई।
जांच में पता चला कि खमपुर खभौर निवासी हरेन्द्र वर्मा ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर नाबालिग किशोरी का विवाह मध्य प्रदेश निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति से तय कर दिया था। पुलिस के अनुसार यह बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन था।


पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर थाना प्रभारी सुभाष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान नाबालिग किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।


मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मध्य प्रदेश के सिवनी निवासी सत्यम, छिंदवाड़ा निवासी भोनी सनोडिया तथा प्रतापगढ़ के खभौर निवासी हरेन्द्र शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। समाज को ऐसी कुरीतियों के खिलाफ आगे आना चाहिए।


प्रतापगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि बाल विवाह मुक्त समाज बनाने के लिए प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा।

Leave a Reply