प्रतापगढ़। कोतवाली देहात पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से धनराशि निकालने वाले एक शातिर गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी के कब्जे से तीन एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दिलशाद उर्फ शाहरूख पुत्र बसीर निवासी फुलपुर अकारीपुर थाना लीलापुर है। उसकी उम्र लगभग 24 वर्ष बताई गई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
बुधवार को उपनिरीक्षक इंदेश कुमार प्रजापति पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एटीएम फ्रॉड गिरोह के सदस्य पीवी इंटर कॉलेज मोड़ के पास मौजूद हैं और किसी वारदात की तैयारी कर रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो कार चालक हिमांशु सिंह और उसका साथी इरशाद वाहन लेकर फरार हो गए, जबकि दिलशाद उर्फ शाहरूख को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से तीन एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ एटीएम मशीनों पर जाकर लोगों को बातों में उलझाकर उनका कार्ड बदल देता था और पिन नंबर याद कर बाद में खातों से पैसे निकाल लेता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी प्रतापगढ़ शहर के एटीएम पर कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसके अलावा उसके विरुद्ध अयोध्या, लखनऊ तथा अन्य जनपदों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें और किसी को अपना पिन नंबर न बताएं।







