प्रतापगढ़। जनपद के थाना जेठवारा पुलिस ने तत्परता और तकनीकी सहायता के बल पर महज तीन घंटे के भीतर गुम मोबाइल फोन बरामद कर एक सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में विश्वास बढ़ा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम आशापुर निवासी मोहम्मद शमशाद पुत्र मोहम्मद रईस ने थाना जेठवारा पहुंचकर बताया कि उनका मोबाइल कटरा बाजार क्षेत्र में कहीं गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
सर्विलांस और तकनीकी सहायता के जरिए मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई। सीसीटीएनएस कर्मचारी मिथिलेश तिवारी ने लगातार प्रयास करते हुए महज तीन घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर लिया।
बरामद मोबाइल को विधिवत उसके वास्तविक स्वामी मोहम्मद शमशाद को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने प्रतापगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।







