Home अपराध दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज रेफर

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज रेफर

oplus_136314880
https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग पर शनिवार रात लगभग 9 बजे  दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रानीगंज थाना क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग स्थित हर्ष ढाबा के पास यह सड़क दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि प्रतापगढ़ की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल, जिस पर तीन लोग सवार थे, रानीगंज की तरफ से जा रही दूसरी बाइक से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलें सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार लोग दूर जा गिरे।

दुर्घटना में मंजीत (45) पुत्र छोटेलाल निवासी बभनमई थाना रानीगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार नितिन यादव (23) पुत्र नंदलाल यादव निवासी रूपीपुर थाना रानीगंज भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर रानीगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही दुर्घटना की मुख्य वजह हो सकती है।

हादसे के बाद दोनों मोटरसाइकिलों को परिजन अपने साथ लेकर चले गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सड़क दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राज्यमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने राज्यमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply