Home राज्य उत्तर प्रदेश भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष में दर्जनों...

भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष में दर्जनों घायल, युवक की हालत गंभीर

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र के थाहीपुर स्थित फकीर बस्ती में शनिवार को मामूली जमीनी और निर्माण संबंधी विवाद अचानक हिंसक संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, रॉड तथा ईंट-पत्थर चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के दर्जनों लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार थाहीपुर निवासी मोहम्मद शकील अपने घर के पास शौचालय का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए और कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटनास्थल पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से जमकर हमला किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए रानीगंज ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

घायल शहंशाह को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया

प्रथम पक्ष की ओर से सन्नो पत्नी मोहम्मद शकील ने रानीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह अपने घर में शौचालय का निर्माण करा रही थीं। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोग एक राय होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

घायल मो शकील

पीड़िता के अनुसार इस हमले में उनके पति मोहम्मद शकील (45), पुत्र शहंशाह (20), सैफ (12), अफजल (16) तथा स्वयं सन्नो घायल हो गईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान शहंशाह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके कपड़े फाड़ दिए तथा मोबाइल फोन और मंगलसूत्र भी छीन लिया।

दूसरी ओर, दूसरे पक्ष से हमीदुल निशा पत्नी कासिम ने भी थाने में तहरीर देकर अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि शौचालय निर्माण के दौरान नाली बंद होने की आशंका को लेकर विवाद शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष द्वारा मारपीट की गई, जिसमें उनके परिवार के सदस्य साबिर अली (26), अरमान (30) पुत्रगण कासिम तथा इसराइल घायल हो गए। घायलों का इलाज रानीगंज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

घटना के दौरान सबसे अधिक गंभीर चोट मोहम्मद शकील के 20 वर्षीय पुत्र शहंशाह को आई। चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे बेहतर इलाज और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी की आवश्यकता है।

दूसरे पक्ष से घायल साबिर अली ट्रामा सेंटर में भर्ती

घटना के बाद फकीर बस्ती में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी, लेकिन इस बार मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीरों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी रानीगंज विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि थाहीपुर गांव में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है।

Leave a Reply