Home राज्य उत्तर प्रदेश ड्रंक एंड ड्राइव, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस का बड़ा...

ड्रंक एंड ड्राइव, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 8.88 लाख का जुर्माना

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से प्रतापगढ़ पुलिस ने रविवार रात बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में जिले में ‘ड्रंक एंड ड्राइव’, प्रेशर हॉर्न, नाबालिग वाहन चालकों और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय के पर्यवेक्षण में थाना हथिगवां क्षेत्र के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे तक सघन वाहन चेकिंग की गई। यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग 773 वाहनों की जांच की।

ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान चार वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिन पर 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक वाहन पर अवैध हूटर मिलने पर 10 हजार रुपये का चालान किया गया।

अभियान के दौरान 49 वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न पाए गए, जिन पर 4.90 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। वहीं 57 वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न होने पर कार्रवाई करते हुए 2.85 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। 17 वाहनों पर काली फिल्म तथा दो वाहनों पर मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर भी चालान किया गया।

इस विशेष अभियान में कुल 129 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 8 लाख 88 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। प्रतापगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की है।

Leave a Reply