प्रतापगढ़।जेठवारा थाना क्षेत्र के महियामऊ पंडित का पूरा गांव में बीते मई माह में हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर युवक को फोन कर गांव के पास तालाब पर बुलाने, धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने तथा मोबाइल छीनने का आरोप है।
घटना 22 मई 2026 की रात की बताई गई है। पीड़ित की मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि उनके बेटे को हरिशंकर पांडेय ने फोन कर तालाब के पास बुलाया, जहां पहले से मौजूद नामजद आरोपियों और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक की दाहिनी आंख सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि घटना के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई और युवक का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
मामले में विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से एक आरोपी लगातार फरार चल रहा था। रविवार को उसे महियामऊ नहर के किनारे तांत्रिक चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधेश्याम पाण्डेय उर्फ सूरज पाण्डेय (32) निवासी महियामऊ पंडित का पूरा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की गई।
यह मामला क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय बना रहा था। पीड़ित परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा था। अब मुख्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी से विवेचना को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।







