Home अपराध सोशल मीडिया वायरल प्रकरण में पुलिस का शिकंजा, एक और वांछित दबोचा...

सोशल मीडिया वायरल प्रकरण में पुलिस का शिकंजा, एक और वांछित दबोचा गया

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png


सोशल मीडिया वायरल प्रकरण में दिलीपपुर पुलिस का एक्शन, फरार आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल हुए चर्चित प्रकरण में थाना दिलीपपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना दिलीपपुर पुलिस लगातार वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने चौपई पुल के पास घेराबंदी कर फरार चल रहे अभियुक्त इंतजार अली उर्फ जिशान (20 वर्ष) पुत्र अशफाक अहमद, निवासी घोर का मुफरीद मजरा नजियापुर, थाना दिलीपपुर को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ और बरामदगी के बाद पुलिस ने संबंधित मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी जोड़ दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

थाना दिलीपपुर पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया वायरल प्रकरण में इससे पहले भी एक अन्य आरोपी सूरज गौंड को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। मामले में अभी भी अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध शस्त्र रखने वालों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रमिल कुमार, उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार पाठक, हेड कांस्टेबल आनन्द तिवारी, कांस्टेबल राजेश यादव, महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव तथा कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की अधिकारियों ने सराहना करते हुए शेष फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

— मुदस्सिर मेहंदी खान
रूबरू इंडिया

Leave a Reply