25 हजार के इनामी आयुष सिंह पर पुलिस का शिकंजा, कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में स्पेशल टीम ने दबोचा
प्रतापगढ़। कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के मामले में लंबे समय से तलाशे जा रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी आयुष सिंह पुत्र विनोद सिंह निवासी चौरिया, जनपद जौनपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार स्पेशल टीम और महेशगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ा गया है। हालांकि गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि आयुष सिंह के खिलाफ प्रतापगढ़ सहित अन्य जनपदों में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस और संबंधित विभागों की जांच में सामने आया था कि कोडीनयुक्त औषधि (कफ सिरप) का गैर चिकित्सकीय उपयोग और अवैध बिक्री के मामले में आरोपी की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।
मामला उस समय सामने आया जब औषधि विभाग ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के क्रय-विक्रय की जांच शुरू की। जांच में प्रतापगढ़ स्थित एक फर्म महादेव फार्मा के नाम पर बड़े पैमाने पर कफ सिरप की खरीद का रिकॉर्ड मिला। विभागीय जांच में सामने आया कि प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया और गाजीपुर सहित कई जनपदों से बड़ी मात्रा में न्यू फैंसीडिल कफ सिरप की खरीद दिखाई गई थी।
जांच के दौरान औषधि निरीक्षक जब फर्म के बताए गए पते पर पहुंचे तो मौके पर मेडिकल स्टोर संचालित नहीं मिला। स्थानीय लोगों से पूछताछ में भी फर्म के संचालन की पुष्टि नहीं हो सकी। जांच में यह भी सामने आया कि लाइसेंस हासिल करने के लिए कथित रूप से दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार करीब 1.73 लाख से अधिक कफ सिरप की खरीद से जुड़े दस्तावेज सामने आए थे। इसके बाद लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक इसी मामले में वांछित चल रहे आयुष सिंह की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। संभावना है कि मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।







