Home अपराध अपाचे बाइक से वारदात करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

अपाचे बाइक से वारदात करने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

मुठभेड़ में झपटमारी का बदमाश घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

प्रतापगढ़। जेठवारा थाना क्षेत्र में मंगलवार को झपटमारी की घटना में शामिल एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार 23 जुलाई को सरायबाबू गांव निवासी नईम पुत्र मोहम्मद हनीफ दुकान बंद कर मोबाइल फोन पर बात करते हुए घर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली तथा मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर जेठवारा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। मंगलवार को गजराही नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अपाचे मोटरसाइकिल सवार युवक को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि युवक ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान शुभम तिवारी उर्फ बच्चा पुत्र अवध कुमार तिवारी निवासी मनेहूं, थाना जेठवारा के रूप में हुई। उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, तीन खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा तमंचे में फंसा एक मिस कारतूस बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि इसी झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी हर्ष तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार बदमाश शुभम तिवारी के खिलाफ पहले से भी मारपीट, धमकी तथा एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। झपटमारी का यह मामला भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल हो गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply