प्रतापगढ़। जनपद के रानीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात लगभग 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रानीगंज-पट्टी मार्ग पर स्थित वन विभाग कार्यालय के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखा तो तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।
घायल व्यक्ति की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। उसके पास कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस घायल की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र के थानों को भी सूचना भेजी गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति घायल की पहचान जानता हो या उसके परिजनों के बारे में जानकारी रखता हो तो तत्काल रानीगंज थाना या मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सूचना दें, ताकि उसके परिवार तक खबर पहुंचाई जा सके। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।







