Home अपराध ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, तीन...

ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, तीन बैटरियां बरामद

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

सर्विलांस सेल की मदद से मानिकपुर पुलिस की कार्रवाई, दरोगा अमित कुमार सिंह की सक्रियता की हो रही सराहना

प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना पुलिस ने सर्विलांस सेल के सहयोग से ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी करने की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीन ई-रिक्शा बैटरियां भी बरामद की हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में सराहना हो रही है।

पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी होने के मामले में वादी की तहरीर पर थाना मानिकपुर में मुकदमा अपराध संख्या 221/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने चोरी के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू की। सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस टीम ने संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई और लगातार दबिश व तलाश की।

इसी क्रम में 30 अगस्त को थाना मानिकपुर पुलिस ने शाहाबाद मुर्गी फार्म जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से सोनू सोनकर पुत्र रामबाबू सोनकर, निवासी ममरखापुर मिरगढवा, थाना मानिकपुर, उम्र करीब 24 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तीन ई-रिक्शा बैटरियां बरामद कीं। बरामद बैटरियां ईस्टमैन कंपनी की नीले-पीले रंग की बताई गई हैं।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी रोहन कुमार के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। दोनों कथित तौर पर वादी के लाल रंग के ई-रिक्शा को बाग में ले गए और उसकी बैटरियां निकालकर चोरी कर ली थीं। बरामदगी और विवेचना के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में आर्म्स एक्ट, चोरी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 147A भी खोली गई है।

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की। घटना के बाद लगातार सुराग जुटाने, आरोपी तक पहुंचने और चोरी की संपत्ति बरामद करने में टीम की सक्रियता नजर आई। स्थानीय स्तर पर दरोगा अमित सिंह की अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की चर्चा हो रही है।

कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायन वैस के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल रामदेव गौतम, भीमराव, दर्वेश कुमार, आर्यन कुमार, अमन यादव और महिला कांस्टेबल निधि यादव शामिल रहीं।

Leave a Reply