Home खोजी रिपोर्टिंग बारिश में जर्जर कच्ची दीवार ढही, एक ही परिवार के चार लोग...

बारिश में जर्जर कच्ची दीवार ढही, एक ही परिवार के चार लोग मलबे में दबे; 7 वर्षीय बच्ची गंभीर

https://rubaruindia.com/wp-content/uploads/2026/08/5384793.png

प्रतापगढ़। देहात कोतवाली क्षेत्र के सराय बहेलिया गांव के हनुमान का पुरवा में सोमवार रात बारिश के दौरान जर्जर कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। घायलों में 7 वर्षीय बच्ची देवांशी की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार हनुमान का पुरवा निवासी रामबाबू (45) अपनी पत्नी कुसुम और बच्चों देवांशी (7) व दिव्यांशु (5) के साथ घर में सो रहे थे। सोमवार रात करीब तीन बजे घर के पीछे स्थित रामभूलन की कच्ची मिट्टी की दीवार लगातार हो रही बारिश के कारण अचानक ढह गई। दीवार गिरने से रामबाबू के पक्के मकान की पिछली बाउंड्री भी उसकी चपेट में आकर गिर गई। अचानक हुए हादसे में रामबाबू, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे मलबे में दब गए।

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए मलबा हटाने का काम शुरू किया और रात में ही चारों लोगों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने देवांशी की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।

सूचना में देरी पर लेखपाल निलंबित

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से जानकारी ली तथा राहत एवं उपचार की स्थिति देखी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

वहीं, घटना की सूचना समय पर प्रशासन को नहीं दिए जाने और लापरवाही के आरोप में क्षेत्रीय लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में जर्जर मकानों और कच्ची दीवारों को लेकर प्रशासन से सतर्कता बरतने की मांग की है।

Leave a Reply