कन्याओं को भोजन परोसकर छुए पैर, फतनपुर थानाध्यक्ष की पहल ने पेश की सम्मान और संस्कार की मिसाल
प्रतापगढ़। नवरात्र के पावन अवसर पर प्रतापगढ़ जनपद के फतनपुर थाने में आस्था, श्रद्धा और सम्मान की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। थानाध्यक्ष मनोज कुमार तोमर ने थाना परिसर में कन्या पूजन कर कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान थानाध्यक्ष ने धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कन्याओं के सम्मान का संदेश दिया। वर्दी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले थानाध्यक्ष का कन्याओं के प्रति यह श्रद्धाभाव भारतीय संस्कृति और संस्कारों की सुंदर झलक पेश करता है।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार तोमर अपनी तेजतर्रार कार्यशैली और पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। अपराध और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सक्रिय भूमिका निभाने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं के प्रति सम्मान का यह दृश्य भी चर्चा का विषय बना।
कन्या पूजन की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के साथ जुड़ाव और मानवीय संवेदनाओं का सम्मान भी महत्वपूर्ण है। थाना परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने श्रद्धा, सेवा और संस्कार का संदेश दिया।







